टनकपुर/लोहाघाट/चम्पावत। गत 10 जून को टनकपुर पिथौरागढ़ एनएच पर देवराड़ी बैन्ड के पास गुमदेश क्षेत्र के एक टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट और दबंगई दिखाकर जूतों की माला पहनाने वाले चार आरोपित अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच कर रहीं सीओ निहारिका सेमवाल ने आज 13 जून को पीडित टैक्सी ड्राइवर के बयान लिए हैं। साथ ही पुलिस ने घटना
स्थल का मुआयना भी किया।
गत 10 जून को दिल्ली सवारी ले जा रहे डूंगराबोरा के एक टैक्सी ड्राइवर को टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच(राष्ट्रीय राजमार्ग) पर देवराड़ीबैंड के पास 4 टैक्सी चालकों ने रोक लिया। आरोप है कि कम किराये में सवारी ले जाने पर नाराज इन टैक्सी चालकों ने उक्त चालक के साथ न सिर्फ गालीगलौज की बल्कि मारपीट भी की और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर उसे जूतों की माला पहनाकर उसका अपमान किया। आरोपितों पर रुपयों की मांग करने का भी आरोप लगाया है। और घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले में पीडि़त चालक की तहरीर पर कल 12 जून को लोहाघाट निवासी वीरेंद्र सिंह, सोबन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 352, 351 (3), 133,126, 308 (2)309 (3), 356,152 (2) में मामला दर्ज किया गया था। लेकिन आरोपित पुलिस के हत्थे
नहीं चढ़ सके हैं। वहीं अनुसूचित जाति संगठन ने 14 जून तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
