टनकपुर/चंपावत। पेपर लीक के आरोपों के बीच 21 सितंबर 2025 को सम्पन्न हुई सीजीएल (संयुक्त स्नातक स्तरीय) की परीक्षा जो छात्रों के विरोध के बीच निरस्त कर दी गई थी की पुनः परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो रहा है। हालांकि उक्त मामले की सीबीआई जांच चल रही है। पिछली बार 21 सितंबर को 12 केंद्रों में हुई उक्त परीक्षा में 3417 अभ्यर्थियों में से चंपावत जिले में 2485 ने परीक्षा दी थी। निरस्त होने के 265 दिन बाद कल 14 जून को उक्त परीक्षा अब दुबारा होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में आवाजाही की निशुल्क सुविधा दी गई है जिस हेतु उन्हें सिर्फ प्रवेश पत्र दिखाना होगा।
यूकेएसएसएससी (उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) द्वारा संचालित की जाने वाली सीजीएल परीक्षा कल 14 जून को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 1 बजे तक होगी। परीक्षा हेतु चंपावत जिले के दो शहरों में बनाए गए कुल 10 केंद्रों में 3417 अभ्यर्थी ये परीक्षा देंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने बताया कि इस बार परीक्षा केंद्र सभी राजकीय विद्यालयों में बनाए गए हैं। निष्पक्ष और नकल रहित परीक्षा के पुख्त प्रबंध किए गए हैं। एसडीएम, सीईओ, पुलिस अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों द्वारा परीक्षा से एक दिन पूर्व आज 13 जून को विभिन्न परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
चम्पावत और लोहाघाट में बनाए गए ये परीक्षा केन्द्रः
चंपावतः जवाहर नवोदय विद्यालय, जीजीआईसी, जीआईसी और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय कैंपस ।
......
लोहाघाटः जीजीआईसी, जीआईसी, राजकीय पीजी कॉलेज, राजीव नवोदय विद्यालय, डायट और राजकीय पॉलीटेक्रिक।
नकल रहित परीक्षा के लिए उठाए गए हैं ये कदमः
1. सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास BNS की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लगाई गई है।
2. सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए जैमर लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा केंद्र की निगरानी और अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ ही चेकिंग की अनिवार्यता भी की गई है।
3.एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के तहत सुरक्षा,पारदर्शिता और निगरानी के प्रावधानों को लागू किया गया है।
परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करती अधिकारियों की टीम।
