टनकपुर/चम्पावत/पाटी। चम्पावत जनपद की नवगठित नगर पंचायत पाटी का पहला चुनाव शान्तिपूर्ण सम्पन्न हो गया है। उक्त चुनाव में सबसे प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद रहा जिस हेतु प्रदेश की सत्ता पर काबिल भाजपा द्वारा हर तरह के हथकंडे अपनाने के बावजूद भी पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने 164 मतों के बड़े अन्तर से करारी शिकस्त दे अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। नारायण की जीत में रिश्ते में उनके साले इण्डियन आईडल के स्टार गायक पवनदीप राजन की भी भूमिका रही। तीसरे प्रत्याशी के तौर पर निर्दलीय पार्वती देवी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं सभासदों का चुनाव भी रोमांचक रहा।
नारायण लाल की इस जीत के बाद उनके समर्थकों और पाटी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों ने गुलाल उड़ाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी जीत का जश्न मनाया जा रहा है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नारायण लाल ने क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि पाटी नगर पंचायत का सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज यानी गुरुवार 11 जून को विकासखंड पाटी में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना प्रक्रिया संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक प्रपत्र-6 के अनुसार, चुनाव में कुल 1611 मत डाले गए थे, जिनमें से 1493 मत वैध पाए गए, जबकि 103 मतों को खारिज (रद्द) कर दिया गया। इसके अलावा, 15 मतदाताओं ने नोटा (NOTA) का विकल्प चुना।
मतगणना के रुझानों में निर्दलीय उम्मीदवार नारायण लाल शुरुआत से ही मजबूत बढ़त बनाए हुए थे। चारों वार्डों की मतगणना के बाद उन्हें 678 मत प्राप्त हुए। वहीं, भाजपा के प्रत्याशी नवीन राम को कुल 514 मत पाकर संतोष करना पड़ा और वह दूसरे स्थान पर रहे। चुनाव में उतरीं एकमात्र महिला प्रत्याशी पार्वती देवी (निर्दलीय) को केवल 301 मत पड़े,और वे तीसरे स्थान पर रहीं।
नारायण लाल (विजेता- निर्दलीय):678 मत
नवीन राम (भाजपा): 514 मत
पार्वती देवी (निर्दलीय): 301 मत
जीत का अंतर: 164 मत
मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी (अध्यक्ष,नगर पंचायत पाटी) ने देर से ही सही विजयी उम्मीदवार नारायण लाल को निर्वाचन का आधिकारिक प्रमाणपत्र सौंपकर उनके नाम की विधिवत घोषणा की। हालांकि दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी के द्वारा मतों की रिकाउंटिंग भी कराई गई परन्तु वे निराश रहे।
वार्डवार आंकड़ेः
वहीं नवगठित नगर पंचायत पाटी से चारों वार्डों में शांति देवी, बबलू पाटनी,नवल ने जीत दर्ज की वार्ड नं.1 रानीचौड़ से शांति देवी ने जीत दर्ज की है । यहां शांति देवी को 166 , खीमा देवी को 100 और रूकमणी को 86 , नोटा 08 , 04 अवैध मत मिले। वार्ड संख्या 02 जौलाड़ी से बबलू पाटनी ने जीत दर्ज की है,यहां बबलू को 151, दिनेश को 129,कमल को 86,मनीषा को 64,विवेक को 57,17 अवैध,01नोटा शामिल हैं। वार्ड संख्या 03 न्यू कॉलोनी से नवल ने जीत दर्ज की यहां नवल को 183 संजय को 161, विनोद को 97 और दीपक को 41 मत मिले और 03 नोटा व 06 अवैध शामिल हैं। वार्ड संख्या 04 पूनाकोट से संगीता विजयी रहीं। यहां संगीता को 145 और मनीषा को 95 , 11अवैध,01नोटा शामिल हैं।
नवनिर्वाचित नगर पंचायत पाटी अध्यक्ष नारायण लाल।
