टनकपु/चम्पावत। टनकपुर शहर से लगे ग्राम गैंडाखाली नंबर तीन में आज बुधवार 10 जून की शाम अचानक हुई तेज बारिश के बीच एक आवासीय भवन में आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मकान की छत में बड़ा गड्ढा बन गया इसके अलावा लिंटर में रखी पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली गिरने से घर की विद्युत लाइन और उपकरण जल गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जख्मी नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक हादसे के दौरान परिवार के सभी लोग घर में ही थे। एकाएक मकान में बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। इससे जान माल के नुकसान की सूचना नहीं है जबकि घर के सभी लोग सहमे हुए हैं। मकान
स्वामी कुलदीप चंद्र के मुताबिक बुधवार शाम क्षेत्र में आंधी के साथ बारिश हो रही थी। इस बीच घर के सभी लोग अन्दर ही थे। इस दौरान जोरदार धमाके के साथ मकान में बिजली गिर गई जिससे छत में गड्ढा बन गया। इस दौरान परिवार के लोग घबराकर घर से बाहर निकल आए। बताया कि घटना से बिजली के सभी उपकरण नष्ट हो गए हैं। भवन स्वामी ने बताया कि मकान की छत में गड्ढे से बड़ा नुकसान हुआ है।
