टनकपुर/चंपावत। बुधवार तड़के टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर टनकपुर से करीब 45 किमी दूर हुए हादसे में एक कार खाई में जा गिरी। मुन्स्यारी से वापस सोनीपत (हरियाणा) लौट रही उक्त कार अचानक दुर्घनाग्रस्त होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चालक सहित कुल 5 लोग घायल हो गए। सूचना पर सभी घायलों को आपातकालीन वाहन 108 से टनकपुर अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद 3 घायलों की गम्भीर स्थिति देख हायर सेंटर रेफर किया गया है। सभी घायल हरियाणा सोनीपत के रहने वाले हैं। हादसे की वजह वाहन चालक को झपकी आना बताया गया है।
प्राप्त जानी के मुताबिक कार संख्या (HR10/AN7221) पिथौरागढ़ जिले के मुन्स्यारी से वापस सोनीपत (हरियाणा) जा रही थी। आज सोमवार को प्रातः तड़के करीब 4 बजे उक्त कार NH पर चल्थी से लगे कठौल के निकट एकाएक असंतुलित होकर खाई में गिर गई। उक्त दुर्घटना में कार सवार चालक सहित 5 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही चल्थी चौकी पुलिस मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर सभी घायलों को खाई से निकाल सड़क तक पहुंचाया। सभी घायलों को आपातकालीन वाहन 108 द्वारा टनकपुर उप जिला चिकित्सालय लाया गया।
घायलों का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने बताया कि घायल मोहित (33) पुत्र जगजीत, निवासी किलोधड़,थाना सोनीपत, अमनदीप (30) पुत्र राकेश कुमार, निवासी ग्राम जाहरी,थाना सदर सोनीपत और अतुल (32) पुत्र सतपाल,निवासी शहजादपुर,थाना सोनीपत को प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर स्थिति देख हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं विवेक (32) पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम जाहरी,सदर सोनीपत और चालक आदित्य (32) पुत्र स्वर्गीय नरेश कुमार,निवासी ग्राम शहजादपुर,सोनीपत सदर को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दुर्घटना में घायल यात्रिओं को लाती 108 एम्बुलेंस।
