टनकपुर/चम्पावत। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी एक युवक ने अचानक शारदा बैराज नहर में छलांग लगा दी। इस दौरान वहां मौजूद मनिहारगोठ के युवकों ने उसे नहर से सकुशल बाहर निकाल लिया। इस बीच फोन पर पहुंची 112 टीम ने युवक को उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया,जहां उसका उपचार चल रहा है,अलबत्ता चिकित्सकों ने स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
क्षितिज शर्मा (21) पुत्र सौरभ शर्मा, निवासी मोहल्ला सिविल लाइन चंद्रशील नगर, थाना सिविल लाइन बदायूं, उत्तर प्रदेश ने आज सोमवार सुबह शारदा बैराज नहर में छलांग लगा दी। युवाओं के सहयोग से उसे फोरन नहर से बाहर निकाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया कि फोन पर घटना की जानकारी स्वजन को दे दी गई है।
स्वजन के अनुसार क्षितिज डिप्रेशन का शिकार है और ड्रग्स का भी सेवन करता है। वह दो दिन पूर्व बदायूं से टनकपुर पहुंच गया था। उपचार कर रहे चिकित्सक डा. ज्ञानेश्वर यादव ने बताया कि युवक की हालत खतरे से बाहर है। शाम तक स्वजन उसे लेने नहीं पहुंचे थे।
