टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर शहर स्थित नगरपालिका वार्ड घसियारामंडी व बोरागोठ के वाशिंदों ने बरसात के दौरान किरोड़ा नाले की बाढ़ से बचाव हेतु किरोड़ा पुल के निचले हिस्से में 700 मीटर लंबी वायरक्रेट लगाने की मांग की है। उक्त मांग को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से जिलाधिकारी चम्पावत को ज्ञापन भेजा है।
सोमवार को सीएम कैम्प कार्यालय पहुंचे पालिका वार्ड व ग्रामसभा के वाशिंदों ने बताया कि बरसात के दौरान किरोड़ा नाले के उफान पर आने से पानी घसियारामंडी एवं बोरागोठ के अनेक घरों में घुस जाता है। विगत वर्ष भी नाले का पानी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में आने वाले घरों एवं दुकानों में घुस गया था, जिससे लोगों को खासा नुकसान उठाना पड़ा था। उक्त समस्या से निजात के लिए ग्रामीण वर्ष 2020 से किरोड़ा पुल के नीचे वाले हिस्से में सीसी ब्लाक, बंधा निर्माण करने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन में कहा है कि पहाड़ों से पानी संग बहकर आने वाले बोल्डरों एवं मलबे से किरोड़ा नाले का रुख गांवों की ओर हो गया है। पुल के नीचे नाले के पूर्वी हिस्से में अत्यधिक मात्रा में पत्थर, बोल्डर एवं आरबीएम जमा हो गया है, जिससे मानसून काल में भीषण आपदा का खतरा है। ज्ञापन में सभासद बबीता वर्मा, पूर्व सभासद योगेश पांडेय, नायकगोठ की ग्राम प्रधान कंचन देवी, संजय पाठक, किशन लाल, अनिल कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।
सीएम कैम्प कार्यालय में ज्ञापन सौंपते पालिका वार्ड व ग्रामसभा के लोग।
