टनकपुर/चम्पावत। दो दिन पूर्व टनकपुर शहर क्षेत्र अन्तर्गत अस्पताल रोड के पास बने एक लकड़ी टाल से वन विभाग टीम को छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में सागौन की अवैध लकड़ी बरामद हुई थी। उक्त मामले में टाल स्वामी फरार चल रहा था। आज दोपहर वन क्षेत्राधिकारी शारदा रेन्ज सुनील शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम द्वारा अवैध लकड़ी के आरोपित जगदीश चन्द्र तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी शारदा रेन्ज सुनील शर्मा ने बताया की आरोपित की खोज को लेकर वह क्षेत्र में लगातार जुटे हुए थे,इसी दौरान आज रविवार दोपहर उसे अस्पताल रोड के पास से दबोच लिया गया। रेन्जर सुनील शर्मा ने बताया कि चूंकि दो दिन से फरार चल रहे आरोपित की धरपकड़ को लेकर वन विभाग की टीम प्रयासरत थी परन्तु वह पकड़ से बाहर था,इस कारण वन विभाग द्वारा मामले को लेकर टनकपुर कोतवाली में भी तहरीर सौंपी गई थी। इसी वजह से वन विभाग द्वारा पकड़े गए आरोपित जगदीश तिवारी को थाने ले जा पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस द्वारा चिकित्सकीय परीक्षण कर आरोपित व्यक्ति को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वन विभाग के मुताबिक आरोपित को पकड़ने वाली टीम में वन क्षेत्राधिकारी के साथ ही पुष्पेन्द्र राणा,चालक डूंगर सिंह व अन्य स्टाफ के लोग शामिल रहे।
गौरतलब है कि वन विभाग की हल्द्वानी प्रभाग की टीम ने टनकपुर अस्पताल रोड के पास स्थित जगदीश तिवारी की टाल से जमीन में छुपाकर रखी गई अवैध लट्ठे को बरामद किया था। 5 जून से 2 दिन तक चली इस कार्रवाई में 60 से अधिक सागौन के लट्ठे बरामद हुए। मामले को लेकर गत रात्रि डीएफओ कुंदन कुमार भी टनकपुर पहुंचे थे। डीएफओ ने बताया कि आरोपित के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आज 7 जून को आरोपित जगदीश चंद्र तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में प्रत्यक्ष या परोक्ष किसी भी रूप से शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगी। सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
टनकपुर कोतवाली में आरोपित जगदीश तिवारी को ले जाकर पुलिस के हवाले करती वन विभाग की टीम।
