टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में अस्पताल रोड के पास स्थित एक टाल से भारी मात्रा में अवैध सागौन की लकड़ी बरामद हुई है। शातिराना अन्दाज में यह लकडिय़ां जमीन खोदकर छुपाई गई थी। बरामद लकड़ी की सटीक संख्या का वन विभाग ने अभी खुलासा नहीं किया है,अलबत्ता करीब 60 से अधिक लट्ठे अब तक बरामद होने की तस्दीक हुई है। गत शुक्रवार 5 जून की शाम से शुरू हुई कार्रवाई आज 6 जून की देर शाम तक चलती रही। शुरुआत में संबल,फावड़े आदि से खोद जमीन के नीचे छुपाई लकड़ी बाहर निकाली गई और आज जेसीबी मशीन के जरिए
लकड़ियों को निकाला गया। बताया गया है कि आरोपित टाल व्यवसाई को विभाग ने गिरफ्तार कर लिया लेकिन दोपहर वह विभाग के लोगों को चकमा दे फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। आज शनिवार देर शाम डीएफओ शारदा रेन्ज भी यहां पहुंच मातहत कर्मचारियों से पूछताछ में जुटे हैं अलबत्ता वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समूची कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि गत शुक्रवार की शाम से वन विभाग द्वारा टनकपुर स्थित एक लकड़ी टाल में छापेमारी की गई।उक्त कार्रवाई के दौरान अवैध लकड़ी बरामद हुई है। लेकिन अभी कार्रवाई चल रही है, इसलिए आधिकारिक रूप से अभी पूरा ब्योरा दिया जाना संभव नहीं है। इधर देर शाम यहां पहुंचे शारदा रेन्ज के डीएफओ कुन्दन कुमार का कहना है कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शुरुआती जांच में बरामद माल वन विकास निगम की लौट से आया बताया जा रहा है। इस दिशा में भी जांच की जा रही है।
टनकपुर शारदा रेन्ज की कार्यप्रणाली पर उठे सवालः
टनकपुर। भारी मात्रा में अवैध लकड़ी की बरामदगी हुई, लेकिन इस चोरी का पर्दफाश टनकपुर रेंज ने नहीं किया। हल्द्वानी डिवीजन से इसके लिए अलग से टीम भेजी
गई। नंधौर के उप प्रभागीय वनाधिकारी के नेतृत्व में छकाता रेंज के अधिकारी-कर्मचारियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जिस जगह से अवैध लकड़ी बरामद हुई, वह नगरीय क्षेत्र का हिस्सा है। लेकिन शारदा रेंज को
अवैध धंधे के इतने बड़े कारनामे की कानोंकान खबर नहीं थी या मामला कुछ और था? हो चाहे जो भी, दोनों ही मामलों में रेंज की निष्क्रियता और विफलता तो ये है ही। इस मामले में रेंजर सुनील शर्मा भी आज शनिवार को मौके पर पहुंचे और जेसीबी से लकड़ी के लट्ठे ढूंडने की कार्रवाई में जुट गए। उन्होंने मामले में फिलहाल कुछ भी कहने से इन्कार किया जा रहा है।
टनकपुर में लकड़ी टाल में लट्ठे निकालने में जुटी वन विभाग की टीम।
