टनकपुर/चम्पावत। करीब दो सप्ताह तक आन्दोलन करने के बाद रोडवेज उच्चधिकारियों से मिले आश्वासन पर रोडवेज संविदा एवं विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन का एक शिष्टमंडल देहरादून पहुंचा। देहरादून में संगठन अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में उन्होंने रोडवेज की प्रबंध निदेशक रीना जोशी और अन्य आला अधिकारियों से मुलाकात कर नियमितीकरण की मांग रखी। प्रबंध निदेशक ने मामले की फाइल निगम बोर्ड को भेज जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।
देहरादून से लौटने के बाद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट,प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर उन्होंने अपना आमरण अनशन स्थगित किया था। शुक्रवार को कर्मचारियों ने देहरादून में निगम की प्रबंध निदेशक के अलावा जीएम प्रशासन अनिल गर्ब्याल और जीएम कार्मिक पवन महरा से वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में निगम बोर्ड अस्तित्व में न होने से नियमितकरण की फाइल आगे नहीं बढ़ पाई थी, लेकिन अब निगम बोर्ड गठित हो चुका है। भरोसा दिया कि जल्द ही नियमितकरण की कार्रवाई पूरी की जाएगी। शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा महामंत्री गोकुल सिंह,देहरादून के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राणा, उपाध्यक्ष विवेकानन्द भट्ट,संगठन सचिव पृथ्वीपाल सिंह रावत,वरिष्ठ कर्मचारी नेता दीप चन्द्र ढोढियाल आदि शामिल रहे।
देहरादून में प्रबंध निदेशक के साथ संगठन प्रदेश अध्यक्ष व अन्य।
