टनकपुर/चम्पावत। गत 3 जून को पंजाब के फिरोजपुर कैंट स्थित नैवेद्यम स्वीट्स एंड बेकर्स में लगी आग से चंपावत जिले के एक युवक की झुलस कर मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। युवक का शव कल शुक्रवार को उनके पैतृक घर पहुंचेगा।
टनकपुर-चम्पावत एनएच पर स्थित सूखीढांग के सेतीचौड़ धूरा निवासी तुलसी दत जोशी (30) पुत्र विद्याधर जोशी पंजाब के फिरोजपुर के नैवेद्यम स्वीट एंड ब्रेकर्स में कार्यरत था। गत बुधवार सुबह अचानक होटल में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। जानकारी के मुताबिक वहां मौजूद कुछ लोगों ने आग लगते ही भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। लेकिन सेतीचौड़ धूरा निवासी तुलसी दत्त जोशी आग में झुलस गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझाने के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने शव को बरामद किया। फिरोजपुर प्रशासन ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी,सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। मृतक के चचेरे भाई किशोर जोशी के मुताबिक तुलसी दत्त कुछ माह पूर्व से ही नैवेद्यम फिरोजपुर में नौकरी में लगा था। इससे पूर्व वह दिल्ली में काम करता था। बताया कि स्थानीय लोगों के साथ परिजन शव को लेने के लिए फिरोजपुर गए हैं। शव शुक्रवार को उसके पैतृक गृह पहुंचेगा। जानकारी मुताबिक युवक अविवाहित है। इस दुखद समाचार मिलने के बाद से मृतक के पिता विद्याधर जोशी और मां नीलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
तुलसी दत्त जोशी (फाइल फोटो)
