टनकपुर/चंपावत/लोहाघाट। गत रात्रि ठाड़ाढुंगा लोहाघाट में मार्ग से बाड़ीगाड़ में गिरने से एक दंत चिकित्सक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक चिकित्सक अपने घर को जा रहे थे। बीती रात हुए इस वाकये से परिवार में कोहराम मच गया। शव का पंचनामा कर पोस्टर्माटम की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक लोहाघाट स्थित मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में दंत चिकित्सक के रूप में तैनात लोकेश जोशी (40) पुत्र स्व. सदानंद जोशी कल 2 जून की रात अपने घर लोहाघाट के ठाड़ाढुंगा जा रहे थे। घर के पास मार्ग में अचानक असंतुलित होकर वे करीब 20 फीट गहरी बाड़ीगाड़ में लुढ़क गए। ग्रामीणों के मुताबिक मार्ग में न तो उजाला था और न रेलिंग। जानकारी मिलने पर परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से डॉ. लोकेश जोशी को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उनका निधन हो गया। मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी डॉ. लोकेश जोशी ढाड़ाढूंगा में किराए के मकान में अपनी पत्नी व इकलौती बेटी के साथ रहते थे। स्वर्गीय चिकित्सक डा. जोशी पूर्व में पीपीपी मोड में चले लोहाघाट अस्पताल में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
चिकित्सक डा.लोकेश जोशी (फाईल फोटो )।
