टनकपुर/चम्पावत। अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर गत 21 मई से रोडवेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारियों के द्वारा एक बार फिर आश्वासन का झुनझुना मिलने पर अपना आन्दोलन समाप्त कर लिया गया है। रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक,परिचाल व कार्यशाला कर्मियों की नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर कर्मचारी संगठन 21 मई से टनकपुर डिपो परिसर में आंदोलन कर रहा था। इसी क्रम में पूर्व निर्धारित तिथि के तहत गत 1 जून से भूख हड़ताल में बैठे संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट को आज 2 जून को सीएम कैम्प कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने जूस पीलाकर एक झटके में आन्दोलन समाप्त करवा दिया गया। जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चाएं भी तैरने लगी हैं।
इधर सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का भरोसा दिया है। हालांकि इस तरह के भरोसे इन संविदा कर्मियों को पूर्व में भी मिलते रहे हैं। खैर,भरोसा मिलने के बाद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट द्वारा भूख हड़ताल समाप्त कर आन्दोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। अध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही एक शिष्टमंडल रोडवेज के उच्चाधिकारियों से वार्ता हेतु देहरादून जाएगा। इस सब के बीच वर्ष 2019 से संघर्षरत संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारियों में भविष्य के प्रति उम्मीद जगी है। वार्ता के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार,हरीशभट्ट,अमजद हुसैन सहित गोकुल सिंह,शंकर सिंह,दिनेश जोशी,रमेश कुमार,लईक अहमद,राजेश यादव,संकेत राणा, मदन राज,केदार सिंह,कैलाश चंद्र आर्य,पृथ्वीपाल सिंह,राकेश सिंह राना,मोहम्मद शाहिद, लक्ष्मण सिंह,कमल किशन सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी पहुंचे दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष को जूस पिला अनशन समाप्त करवाते कैम्प कार्यालय के नोडल केएस बृजवाल।
