टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। चम्पावत पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में एक बार फिर पुलिस ने जिले के प्रवेश द्वार बनबसा क्षेत्र से 5 लोगों को स्मैक के साथ दबोचा है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इधर लगातार दूसरे दिन बनबसा क्षेत्र से स्मैक बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गत 1 जून को पुलिस द्वारा बनबसा शारदा नदी के किनारे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को पांच लोगों से कुल 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए लोगों में राजेश बाल्मीकि (50) निवासी मीना बाजार नई बस्ती बनबसा, रोहित राणा (20) निवासी वार्ड नंबर 6 मीना बाजार बनबसा,नवीन भट्ट (36) निवासी बनगांव महेंद्रनगर नेपाल, महेंद्र डगौरा (22) निवासी वेद्कोट ओडा नंबर 8 ग्राम भासी महेंद्रनगर और भरत सिंह लौहार (37) निवासी सुखला महेंद्रनगर नेपाल के पास से कुल 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा उनके पास से 16200 भारतीय और 14100 रुपए नेपाली मुद्रा भी मिली है।
स्मैक तस्करों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में बनबसा के थानाध्यक्ष सुरेंद्र कोरंगा और एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के अलावा एएनटीएफ प्रभारी प्रकाश भट्ट,निर्मल सिंह लटवाल,गणेश बिष्ट,तपेंद्र जोशी,ललित चौधरी,कुलदीप सिंह,सूरज कुमार,नासिर हुसैन,उमेश राज और विक्रम सिंह बिष्ट शामिल रहे।
पुलिस गिरफ्त में स्मैक तस्कर।
