टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर शहर से लगे ग्राम बिचई निवासी एक युवक अपने कमरे के भीतर पंखे से लटका मिला। जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में फंदे से निकाल कर उप जिला अस्पताल ले गए, जहां पहुंचने से पूर्व ही युवक ने दम तोड़ दिया। उक्त घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत शनिवार 30 मई की देर शाम बिचई के विवेक चंद (31) पुत्र सुरेश चंद अपने कमरे में गए और कुंडा लगा दिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया और उसे जोरजोर से आवाज भी लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं आया। घबराए परिजनों द्वारा आननफानन में दरवाजा तोड़ा। कमरे के अन्दर देखने पर विवेक चंद पंखे से लटका हुआ था। परिजन उसे तत्काल फंदे से उतार स्थानीय उप जिला अस्पताल ले गए, लेकिन युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। इमरजेंसी मेडिकल आफीसर डॉ. मोहम्मद उमर ने विवेक चंद का परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
