टनकपुर/चंपावत/पूर्णागिरि धाम। गत देर शाम से पहाड़ों हो रही बारिश का असर जिले के मैदान क्षेत्र पर भी हुआ। बारिश के चलते रविवार 31 मई को बाटनागाड़ नाले के एकाएक उफान में आने से टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग कुछ देर बाधित रहा। इस दौरान पूर्णागिरि आवाजाही कर रहे देवी के भक्तों की आवाजाही प्रभावित रही। पैदल नाला पार करने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन भी खासा प्रभावित रहा। अलबत्ता मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया। कुछ देर बाद नाले के जल स्तर में कमी आने के बाद दर्शनार्थियों की आवाजाही सामान्य हो गई।
गत शनिवार शाम से जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई भारी बारिश से टनकपुर -पूर्णागिरि पर स्थित बाटनागाड़ नाला उफान पर आ गया। आज रविवार सुबह एकाएक जल स्तर बढ़ने से नाला पार करना जोखिम भरा हो गया। जिला आपदा परिचालन केंद्र के मुताबिक बाटनागाड़ नाले में जल स्तर बढ़ने से पूर्णागिरी धाम की आवाजाही करीब आधे घण्टे तक बंद रही। इस दौरान फंसे श्रद्धालुओं को बूम चौकी पुलिस के जवानों द्वारा कुशलतापूर्वक नाला सुरक्षित पार करवाया गया।
