टनकपुर/चम्पावत। प्रदेश के रोडवेज संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी अपनी एक सूत्रीय मांग नियमित नियुक्ति को लेकर यहां गत 21 मई से आन्दोलनरत हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत इन कर्मचारियों ने आज 29 मई को धरना स्थल से टनकपुर शहर में जुलूस निकाला जो अन्त में टनकपुर तहसील कार्यालय पहुंचा जहां एसडीएम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। पिछले 9 दिनों से यहां क्रमिक अनशन कर रहे संविदा कर्मियों ने कहा कि मांग नहीं माने जाने पर अब द्वितीय चरण में उनके द्वारा 1 जून से बेमियादी आमरण अनशन किया जाएगा।
आज शुक्रवार को संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में हड़ताली रोडवेज कर्मियों ने स्थानीय रोडवेज परिसर के धरना स्थल
से टनकपुर तहसील परिसर तक जुलूस निकाला गया। तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन के बाद संगठन के लोगों द्वारा अपने विचार रख प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया गया साथ ही इस बार आन्दोलन को मुकाम तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया। संगठन का कहना है कि रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मी अपने भविष्य को लेकर खासे चिंतित हैं। कहा कि नियमितीकरण में संशोधन कर कट ऑफ डेट 2026 की जाए एवं विशेष श्रेणी कार्मिकों को नियमावली में शामिल कर नियमित नियुक्ति दी जाए। संगठन ने 31 मई तक क्रमिक अनशन, फिर भी मांग नहीं माने जाने पर आगामी1 जून से आमरण अनशन करने का
ऐलान किया है। अन्त में प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में एसडीएम प्रमोद कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
जुलूस प्रदर्शन में गणेश जोशी, गोकुल सिंह, जयदेव नेगी, दिनेश जोशी,इंद्र सिंह चिलवाल,अनिल तिवारी,सुरेश राणा, जगत चौहान,रमेश सिंह,संदीप कंडारी,विवेकानंद भट्ट, जयदेव सिंह,विनय पाठक,नईम अहमद,गिरीश पांडेय,संतोष कुमार, शंकर दत्त भट्ट,धीरज श्रीवास्तव आदि शामिल थे।
शहर में जुलूस प्रदर्शन के साथ टनकपुर तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कर्मचारी।
