टनकपुर/चंपावत/रीठा साहिब। जनपद चंपावत के एक छोर में स्थित प्रमुख आध्यात्मिक स्थल टनकपुर से करीब 80 किमी दूर रीठा साहिब का सुप्रसिद्ध जोड़ मेला कल 29 मई से शुरू होगा। मेला हेतु रीठा साहिब के गुरुद्वार को बिजली की लड़ियों से खूबसूरती से सजाया गया है। मेले का शुभारंभ शुक्रवार की सुबह ग्यारह बजे होगा। पाटी की एसडीएम नितेश डांगर ने बताया कि मेले की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं तीर्थयात्रियों की आवाजाही भी
शुरू हो गई है। आज बृहस्पतिवार को भी एक हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुरुद्वारे में मत्था टेका। इससे रीठा साहिब गुरुद्वारे के साथ ही समूचे क्षेत्र में खूब चहलपहल खासी बढ़ गई है।
दिल्ली के कार सेवा प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह, वचन सिंह रीठा साहिब पहुंच चुके हैं। रीठा साहिब गुरुद्वारा के बाबा श्याम सिंह मेले की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखे हुए हैं। वहीं देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश,पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित कई राज्यों से सिख संगत भी पहुंची है। आज गुरुवार को दिनभर लंगर चला। कल सुबह से अखंड पाठ की लड़ी शुरू होगी। जिला पंचायत और अन्य विभागों का दावा है कि तीर्थयात्रियों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा चुकी है। पेयजल,स्वास्थ्य, परिवहन से लेकर पार्किंग तक सभी जरूरी बंदोबस्त करने के दावे भी किए गए हैं। मेले की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट को सौंपी गई है,जो मेले क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैदी से जुटे हैं।
रोशनी के बीच जगमगाता रीठासाहिब गुरुद्वारा।
