टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत जिले भर में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा ईद-उल-अजहा बकरीद पर्व परंपरागत हर्षोल्लास व अकीदत के साथ मनाया गया। इस दौरान टनकपुर,बनबसा, लोहाघाट,चंपावत सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी तादाद में विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की।
टनकपुर नगर की मुख्य जामा मस्जिद में मुफ्ती नोमान कासमी ने ईद की नमाज अदा कराई। इसी प्रकार पुरानी जामा मस्जिद में इमाम मोहम्मद एजाज और मनिहरागोठ की जामा मस्जिद में मुफ्ती मजीद उररहमान ने नमाज अदा कराई। बनबसा और कैनाल क्षेत्र में नूरुल हुदा मस्जिद केनाल में मौलवी सैय्यद जाकिर हुसैन ने नूरी मुस्तफा मस्जिद बनबसा रोडवेज के निकट मौलवी मोहम्मद तौहीद ने नमाज अदा कराई। इस दौरान मुल्क और कौम की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मागी गई। लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। उलेमाओ ने कुर्बानी के महत्व, इंसानियत, भाई-चारे और आपसी सौहार्द का पैगाम दिया। इस मौके पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त थे। इस्लामिक कैलेंडर यानी हिजरी के आखिरी महीने जिल हिज्ज की 10 तारीख को मनाया जाने वाला यह पर्व अल्लाह के प्रति अटूट ऐतबार और गहरे समर्पण व त्याग का प्रतीक है।
शांति व्यवस्था के लिए मस्जिद परिसर के चारों ओर पुलिस प्रशासन की तैनाती देखने को मिली वहीं भीषण गर्मी के चलते नगर पालिका परिषद द्वारा प्याऊ का प्रबंध भी किया गया था। इस मौके पर क्षेत्र के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल,पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा मुस्लिम समुदाय के लोगों के गले मिल ईद की दिली मुबारकबाद दी गईँ।
ईद पर्व पर मस्जिदों नमाज अदा करते मुस्लिम समुदाय के लोग।
