टनकपुर/चम्पावत। पिछले दिनों जिला मुख्यालय चम्पावत से लगे ग्राम सल्ली में कथित दुष्कर्म के नाम पर झूठी साजिश रचने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में साजिश रचने के आरोप में एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। हालांकि कोर्ट ने आरोपित की जमानत मंजूर कर ली।
गौरतलब है कि पिछले दिनों एक नाबालिग ने सल्ली गांव के कुछ लोगों पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया था। जिससे सनसनी मच गई थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो पूरा मामला फर्जी निकला। उक्त मामले में पुलिस ने कमल रावत, उसकी महिला मित्र अर्जिता राय, कांग्रेस नेता आनंद मेहरा समेत कुछ अन्य के खिलाफ षडयंत्र रचने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया था। अब तक पुलिस कमल रावत व कांग्रेस नेता समेत चार को जेल भेज चुकी है।
इधर विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, गहन पूछताछ और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर इस पूरी साजिश में राहुल सिंह रावत नाम के व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के कड़े निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मई 2026 को कोतवाली चम्पावत के प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सटीक सूचना और अथक प्रयासों के बाद वांछित अभियुक्त राहुल सिंह रावत पुत्र प्रकाश सिंह रावत निवासी ग्राम सल्ली,कोतवाली चम्पावत, जनपद चम्पावत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। आरोपित को लोहाघाट क्षेत्र से कल 25 मई को गिरफ्तार किया गया। आज 26 मई को अदालत में पेश किया गया। पुलिस अदालत से आरोपित की रिमांड नहीं ले सकी। आरोपित को जमानत पर छोड़ दिया गया है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता राम सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपित राहुल सिंह रावत को निजी बांड पर छोड़ने के अदालत ने आदेश दिए। कहा कि पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी से पूर्व गिरफ्तारी का कारण नहीं बताया है। उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक राकेश कठैत,कॉन्स्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।
पुलिस गिरफ्त में आरोपित अभियुक्त राहुल सिंह।