टनकपुर /चम्पावत। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज सोमवार को टनकपुर शहर से लगे ग्राम मनिहार गोठ में लोक समस्या निवारण हेतु बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम की अध्यक्षता में आयोजित उक्त शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गईं साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं।
शिविर में समाज कल्याण,स्वास्थ्य,राजस्व,शिक्षा, कृषि,बाल विकास,उद्योग एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा आमजन को विभागीय योजनाओं,लाभार्थी परक कार्यक्रमों एवं सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारियां दी गईं। शिविर के दौरान कुल 26 प्रकरण प्राप्त हुए,जिनमें से 6 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं एक महत्वपूर्ण प्रकरण पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने कोतवाली टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत को मौके पर तलब कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस.खाती, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस.सामंत, कृषि रक्षा अधिकारी संतोषी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, आयोग के सदस्य नसीम अहमद एवं शकील अहमद, आयोग के सचिव जे.एस. रावत, वैयक्तिक अधिकारी शमा परवीन,जितेंद्र चंद,विपिन बिष्ट,दीपक गहतोड़ी,ग्राम प्रधान मनिहारगोठ शहाना खातून सहित अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
शिविर में मौजूद अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष व अन्य।