टनकपुर/चम्पावत। बनबसा से टनकपुर तक प्रस्तावित NH (राष्ट्रीय राजमार्ग) चौड़ीकरण का यहां विरोध जारी है। आज सोमवार को यहां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत NH पर चौड़ीकरण का विरोध एवं आबादी क्षेत्र से बाहर बाईपास निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में प्रभावित परिवारों ने तहसील पहुंचकर सामूहिक एवं व्यक्तिगत आपत्तियां दर्ज कराईं।
इस दौरान टनकपुर–बनबसा बाईपास बनाओ संघर्ष समिति के शिष्टमंडल ने उपजिलाधिकारी विपिन चन्द्र पन्त से भेंट कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति, प्रभावित परिवारों की समस्याओं तथा प्रस्तावित चौड़ीकरण से होने वाले व्यापक जनहानि एवं आर्थिक नुकसान को लेकर व्यक्तिगत एवं आपत्तियां दर्ज कराई गईं। समिति का कहना था कि वर्तमान प्रस्ताव से बड़ी संख्या में आवासीय भवन, व्यापारिक प्रतिष्ठान, विद्यालय एवं अन्य जनसुविधाएं प्रभावित होंगी, जिससे हजारों लोगों के सामने आजीविका और विस्थापन का संकट खड़ा हो सकता है। समिति ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में चौड़ीकरण करने के बजाय नगर एवं आबादी क्षेत्र से बाहर उपयुक्त स्थान पर बाईपास का निर्माण करने की मांग उठाई, जिससे यातायात सुगम होने के साथ-साथ स्थानीय जनता के हितों की भी रक्षा हो सके।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों,सभासदों एवं ग्राम प्रधानों ने भी प्रभावितों की मांगों का समर्थन करते हुए इसे जनहित से जुड़ा विषय बताया तथा प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिया। संघर्ष समिति ने कहा कि जनहित में यह संघर्ष आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।
टनकपुर तहसील परिसर में प्रदर्शन के साथ SDM को ज्ञापन सौंपती टनकपुर–बनबसा बाईपास बनाओ संघर्ष समिति के लोग।