टनकपुर/चंपावत। चम्पावत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को पूरी संजीदगी से समयबद्ध तरीके से हल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएम ने चंपावत की दूरस्थ ग्राम सभा खटोली में 24 मई को हुई रात्रि चौपाल में अनेकों समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया।
जिला मुख्यालय चंपावत से करीब 55 किलोमीटर दूर दुर्गम ग्राम सभा खटोली में पहुंचने वाले अब तक के पहले डीएम मनीष कुमार के सम्मुख लोगों ने पचनई, तल्ली खटोली, मल्ली खटोली, वैला सहित आसपास के कई गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली,पानी,सड़क,आवास,शौचालय,सिंचाई, नेटवर्क,शिक्षा,स्वास्थ्य और पेंशन से संबंधित समस्याओं को उठाया। ग्रामीणों द्वारा चल्थी क्षेत्र से गांव को आने वाली विद्युत लाइनों की खराब स्थिति तथा बार-बार विद्युत बाधित होने की शिकायत किए जाने पर डीएम ने यूपीसीएल के ईई को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जरूरी लाइन परिवर्तन एवं मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली में विज्ञान प्रयोगशाला के लिए अतिरिक्त कक्षों की जरूरत की मांग पर सीईओ को मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए।
चौपाल में पार्वती देवी, आन सिंह, कमल सिंह, भरत सिंह, बच्ची सिंह, कुंती देवी, रेखा देवी, मनीषा देवी, शांति देवी, अंजली देवी, लक्ष्मी देवी एवं पुष्पा देवी सहित कई अन्य ग्रामीणों ने शौचालय, गौशाला एवं प्रधानमंत्री आवास से संबंधित समस्याएं रखीं। जिस पर डीएम ने बीडीओ एवं स्वजल के परियोजना प्रबंधक को पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोनिया देवी द्वारा गांव के दीवानी मोड़ क्षेत्र में हैंडपंप लगाने की मांग पर डीएम ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गांव में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा। ग्रामीणों ने जी-राम-जी योजना के अंतर्गत नेटवर्क शैडो क्षेत्र होने के कारण मास्टररोल में आने वाली दिक्कतों की शिकायत की। इस पर डीएम ने बीडीओ को जरूरी छूट प्राप्त कर समस्या के समाधान की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
चौपाल में 14 वर्ष पूर्व लापता हुए कुंदन बुराड़ी की पत्नी ने बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा एवं पति की तलाश के संबंध में सहायता की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीएम को प्राथमिकता के आधार पर जरूरी कार्यवाही करने और पीड़ित परिवार कोहरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मल्ली खटोली निवासी बचपन से दिव्यांग सुमन की स्वास्थ्य स्थिति का संज्ञान लेते हुए डीएम ने सीएमओ को समुचित इलाज एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चनी देवी के परिवार रजिस्टर न बनने के कारण निराश्रित/परित्यक्ता पेंशन बंद होने की शिकायत पर डीएम ने वीपीडीओ को तत्काल परिवार रजिस्टर तैयार कर पात्रता के अनुसार पेंशन संचालित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने गांव में पेयजल, तारबाड़, सिंचाई गूल, सोलर लाइट, मोबाइल नेटवर्क, संपर्क मार्ग एवं अन्य आधारभूत समस्याओं को भी रखा गया। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्या का समाधान करना है। इस अवसर पर तल्ली खटोली की प्रधान चंदा बुराठी, मल्ली खटोली की प्रधान सोनिया बिष्ट, नवीन सिंह, अनीता देवी,भवान सिंह महराना,बीडीओ अशोकअधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रा
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों के बीच डीएम एवं अन्य।