टनकपुर। चम्पावत जिले के सीमांत एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा विकसित की जा रही बहुउद्देशीय प्रशासनिक अवसंरचना परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आधुनिक स्टेट गेस्ट हाउस का कार्य प्रगति पर है। परिसर का जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। 6179.20 लाख रु. की लागत से तैयार की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य का जिम्मा ब्रिडकुल को सौंपा गया है।
निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों का अवलोकन करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, सुरक्षा मानकों एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्माण स्थल पर फायर सेफ्टी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्यदायी संस्था को मानसून से पूर्व सभी प्रमुख कास्टिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि इस समेकित परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेट गेस्ट हाउस भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त परियोजना में ट्रांजिट हॉस्टल, वन विभाग के आवासीय क्वार्टर, सिंचाई विभाग एवं नलकूप विभाग की कार्यालय भवनों का भी निर्माण किया जा रहा है, जिससे विभिन्न विभागों को एक व्यवस्थित एवं सुदृढ़ कार्यस्थल उपलब्ध होगा। इसके अलावा टनकपुर नेपाल सीमा से सटा हुआ एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु, अधिकारी एवं अन्य आगंतुक पहुंचते हैं। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेट गेस्ट हाउस परिसर बनने से क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्ञातव्य है कि इस परियोजना का निर्माण कार्य माह फरवरी 2026 से प्रारंभ किया गया है तथा निर्धारित 18 माह की समयसीमा के भीतर इसे पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल,बीडीओ अशोक अधिकारी,सहायक अभियंता सिंचाई मनोज तिवारी सहित ब्रिडकुल के अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते डीएम व अन्य।