टनकपुर/चम्पावत। शहर से लगी थ्वालखेड़ा ग्राम पंचायत में बनने वाली नहर के किनारे निर्माणाधीन शारदा कारिडोर में सड़क को आवागमन के लिए छोड़े जाने की ग्रामीणों ने मांग उठाई है। उक्त मांग को लेकर थ्वालखेड़ा के पूर्व प्रधान सतीश चन्द्र पाण्डेय द्वारा पूर्व मैं ज्ञापन दिए जा चुके हैं। एक बार फिर उन्होंने टनकपुर के एसडीएम के माध्यम से डीएम चम्पावत को ज्ञापन भेजा गया है।
गौरतलब है कि शारदा कॉरिडोर निर्माण के तहत ग्राम पंचायत थ्वालखेड़ा से लगे रोखड के किनारे से बंदे का निर्माण किया जाना है। थ्वालखेडा ग्राम पंचायत स्थित उक्त रोखड़ से ही दर्जनों परिवारों का आवागमन,गौचर,पनघट कि मार्ग है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रोखड़ के किनारे ग्रामीणों के लिए बिना सड़क मार्ग छोड़े हुए ही सुरक्षा
दीवार लगाकर बंदे का निर्माण कर दिया गया,तो गांव के दर्जनों परिवारों का आवागमन गौचर-पनघट बंद हो जाएगा। इससे उक्त परिवारों को खासी मुसीबत का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्णागिरि मार्ग से कुंदन सिंह के घर तक करीब 600 मीटर के बीच गांव की पुरानी वायरक्रेट सुरक्षा दीवार से निर्माणाधीन नहर निर्माण की सुरक्षा दीवार के मध्य जगह छोडकर निर्माण कार्य कराया जाए। जिससे कि ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित न हो। पूर्व ग्राम प्रधान सतीश पांडेय के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय टनकपुर पहुंच ज्ञापन सौंपने वालों में प्रेम सिंह, महेश चंद,कमल,प्रकाश नेगी,श्याम सिंह,कुंदन सिंह,रमेश सिंह,कविता देवी,कमला नेगी आदि के हस्ताक्षर हैं।