टनकपुर/चम्पावत। रोडवेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर मुखर हो गए हैं। उक्त कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में आज 21 मई से टनकपुर में प्रदेश स्तरीय क्रमिक अनशन शुरू कर दिया गया है।
अनशनकारी कर्मचारियों ने कहा कि रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर खासे चिंतित हैं। उन्होंने नियमितीकरण में संशोधन कर कट ऑफ डेट 2026 एवं विशेष श्रेणी कार्मिकों को नियमावली में शामिल कर नियमित नियुक्ति देने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि 31 मई तक क्रमिक अनशन, फिर भी मांग नहीं माने जाने पर 1 जून से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा जिस हेतु कर्मचारी अवकाश लेकर इस आंदोलन में हिस्सा लेंगे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा की संगठन 2019 से कर्मचारियों के हकों को लेकर संघर्षरत है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में उनके द्वारा किए गए आंदोलन के दौरान तत्कालीन विधायक दिवंगत कैलाश गहतोड़ी के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त किया गया था, लेकिन चार वर्ष बीतने के बाद भी सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इससे कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर खासे चिंतित हैं और आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हुए हैं। आज के अनशन में अध्यक्ष के साथ ही सुनील कलौनी,नरेश अधिकारी,सतीश उप्रेती,राजेंद्र रावत,प्रकाश पांडेय,सचिन श्रीवास्तव सहित अनेक रोडवेज संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
रोडवेज परिसर में प्रदर्शन करते संविदा कर्मचारी।