टनकपुर/खटीमा/चम्पावत। तराई पूर्वी वन प्रभाग के खटीमा रेंज में जगबुड़ा पुल के निकट स्कूटी सवार शिक्षिका और अचानक सड़क क्रॉस कर रहे हाथी की टक्कर ही गई। घटना में जहां शिक्षिका घायल हुई है, वहीं हाथी का भी एक दांत टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि सड़क पर गुजर रहे राहगीरों ने अपने वाहन रोक शोर मचाकर हाथी को जंगल की और भगाया वरना हाथी शिक्षिका पर हमला कर सकता था।
गौरतलब है कि टनकपुर-खटीमा एनएच पर उक्त क्षेत्र में हाथी कोरिडोर होने के चलते अक्सर हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। इस बीच सुबह बनबसा-चकरपुर के बीच बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक हिन्द पब्लिक स्कूल की शिक्षिका निकिता राय अपनी स्कूटी से जगबुड़ा पुल से आगे जंगली क्षेत्र से होकर गुजर रही थी। इसी बीच अचानक हाथी सड़क पर आ गया। इससे पहले की शिक्षिका कुछ समझ पाती उसकी स्कूटी हाथी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत भी टूट कर सड़क पर गिर गया। घटना होते ही सड़क से गुजर रहे लोगों ने शोर मचा बमुश्किल हाथी को जंगल की ओर भगाया।
इस बीच सूचना पर खटीमा रेन्ज के वन क्षेत्राधिकारी हरेंद्र सिंह बिष्ट वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे साथ ही चकरपुर चौकी प्रभारी विकास कुमार भी अपनी टीम के साथ पहुंचे और घायल शिक्षिका का हालचाल जाना। इधर वहां पहुंची शिक्षिका शाईस्ता परवीन द्वारा घायल निकिता को सहारा दिया गया। इसी बीच गैड़ाखाली व सुखीढांग इण्टर कालेज के शिक्षक भी घर जाने के दौरान वहां पहुंचे। आननफानन मे घायल शिक्षिका को आपातकालीन वाहन 108 द्वारा अस्पताल भिजवाया गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा सड़क पर वन्यजीवों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है। वन विभाग और पुलिस ने लोगों से राजमार्ग के जंगल क्षेत्र में सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है। इधर वन विभाग ने टकराए हाथी की निगरानी की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेन्जर ने बताया कि उक्त क्षेत्र हाथी कारिडोर अन्तर्गत आता है इसीलिए अक्सर हाथियों की आवाजाही रहती है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा घटनास्थल के पास दो ट्रैप कैमरे लगाए जाने की तैयारी की जा रही है जिनसे जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की है। उन्होंने घायल शिक्षिका की मेडिकल रिपोर्ट के तहत नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई अमल में लाने की बात भी कही है।
दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोग व घायल शिक्षिका।