टनकपुर/चम्पावत। इन दिनों यहां चल रहे सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम मेले में देश के कोने -कोने से श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम लगातार जारी है। भीषण गर्मी के बावजूद हर रोज यहां 20 से 30 हजार भक्त देवी के दर्शनों को पहुंच रहे हैं परन्तु पुलिस,प्रशासन व परिवहन महकमे की लापरवाही के चलते तीर्थयात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। आए दिन छोटी बड़ी दुर्घटनाएं होना आम बात हो गई है,यहां तक की शहर क्षेत्र में भी बेखौफ फर्राटा भरते वाहन हर वक्त किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं।
इसी की बानगी गत रात्रि देखने को मिली। देवी दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का मैक्स वाहन टनकपुर स्टेट बैंक तिराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकप वाहन से टकरा गया। उक्त हादसे में मैक्स वाहन में सवार आठ श्रद्धालु चोटिल हो गए। आननफानन में सभी को 108 एबुंलेंस से उपचार हेतु उपजिला चिकित्सालय लाया गया। सभी घायलों की स्थिति में सुधार होने पर सोमवार की दोपहर में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रविवार की रात करीब 10 बजे श्रद्धालुओं से भरा मैक्स वाहन संख्या-(यूके 05,टीए-0635) सड़क किनारे खड़े पिकप वाहन से टकरा गया। वाहन टकराते ही मैक्स वाहन में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में दर्शना (50) पत्नी रामपाल गंगवार, सोमवती (32) पत्नी हरपाल,रंजना देवी (28) पत्नी सूरज सिंह,काव्या (08) पुत्री सूरज कुमार,अनामिका (11) पुत्री गगनदीप,लक्ष्मी देवी (38) पत्नी गगनदीप,रामपाल गंगवार (18) पुत्र महिपाल,रंजीत (11) पुत्र हर पाल शामिल रहे। जानकारी के मुताबिक सभी घायल कल्याणपुर,जिला पीलीभीत उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। उपचार कर रहे चिकित्सक डा. मोहम्मद उमर ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। सभी को अस्पताल से छुटटी दे दी गई है।
इधर टनकपुर कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि मैक्स चालक के मुताबिक नींद की झपकी आने से मैक्स अनियंत्रित हो गई। उन्होंने बताया कि मैक्स चालक ने यात्रियों का उपचार कराया है। दोनों पक्षों में आपसी समझौता होने से चालक के विरूद्ध कोई शिकायत नहीं मिली है। परन्तु बड़ा सवाल दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन ?
वाहन दुर्घटना में घायल पूर्णागिरि श्रद्धालु।