टनकपुर/चम्पावत/बनबसा। शनिवार को एनएचपीसी के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम टनकपुर पावर स्टेशन,बनबसा पहुंचे जहां पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने उन्हें पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
यहां पहुंचने पर कार्यपालक निदेशक गौतम ने पावर स्टेशन के प्रमुख स्थलों बैराज परिसर,सिल्ट इजेक्टर एवं पावर हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों की कार्य प्रणाली और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित बैठक में निगम के अधिकारियों,कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। बैठक में कार्यस्थल की चुनौतियों और सुधार के उपायों पर चर्चा की गई। इस दौरान श्री गौतम ने वीआईपी गेस्ट हाउस परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनका यह दौरा पावर स्टेशन टीम के लिए खासा प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक रहा।
ईंधन बचाओ मुहिम के तहत निकाली साइकिल रैलीः
टनकपुर/चम्पावत/बनबसा। एनएचपीसी के कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम द्वारा अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ईधन बचाओ मुहिम को अन्जाम देते हुए पर्यावरण संरक्षण के तहत टनकपुर पावर स्टेशन परिसर में 'साइकिल अपनाओ ईधन बचाओ' रैली निकाल जनजागरूकता अभियान का श्रीगणेश किया गया। इस मौके पर पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य सहित अधिकांश अधिकारियों की भागीदारी भी रही। उक्त साईकिल रैली वीआईपी गेस्ट हाउस से प्रशासनिक भवन तक निकाली गई।
कार्यपालक निदेशक गौतम ने कहा कि उक्त अभियान का उद्देश्य लोगों को पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत कम करने,पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने तथा दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित करना रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आत्मनिर्भर और हरित भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सफल बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दें और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। अंत में सभी एनएचपीसी कर्मचारियों के अलावा स्थानीय लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण व देशहित में इसे खासा उपयोगी कदम कहा।
एनएचपीसी परिसर का निरीक्षण कर साईक्लिंग करते निगम अधिकारी व कर्मचारी।