टनकपुर /चंपावत। बाराकोट ब्लाक के गल्लागांव आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता को बाल विकास विभाग द्वारा नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में उन पर विभागीय कार्यों में लापरवाही एवं निर्देशों की अवहेलना करने को स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश बृजवाल ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र गल्लागांव की कार्यकर्ती मीना बोहरा 14 मई को अपराह्न 12 बजे जिलाधिकारी कार्यालय में पाई गईं, जबकि विभागीय निर्देशानुसार उन्हें अपने केंद्र पर उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं का संचालन करना था। उन्होंने बताया कि वह बिना सक्षम अनुमति के केंद्र से अनुपस्थित थीं, पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद कार्यशैली में सुधार न होना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। विभाग ने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर इस प्रकार की लापरवाही का प्रतिकूल असर पड़ता है।
विभाग की उत्पीड़नात्मक कार्रवाईःमीना बोहरा
मामले को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ती मीना बोहरा का कहना है कि 14 मई को वे 12 बजे तक अपने केंद्र में थीं। विभागीय कार्य निपटाने और केंद्र बंद होने के बाद वह चंपावत आई थी। उन्होंने इसे विभाग की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई बताया है।