टनकपुर/चम्पावत। ग्रामसभा छीनीगोठ में बहुप्रतीक्षित बाढ़ सुरक्षा कार्य की शुरुआत हो गई है। बुधवार को उक्त कार्य की विधिवत पूजा अर्चना के साथ औपचारिक शुरुआत की गई। हर वर्ष बरसात के दौरान उक्त क्षेत्र में नदी से भू-कटाव होने के साथ ही गांव भी जलमग्न हो जाता है जिससे ग्रामीणों की फसल बर्बाद होने के अलावा मार्ग से चलना भी चुनौती बध जाता है। बाढ़ से बचाव की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा पिछले लम्बे समय से गांव मैं बाढ़ सुरक्षा कार्य की मांग उठाई जा रही थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जो कि इस क्षेत्र से विधायक भी हैं द्वारा ग्रामीणों की उक्त मांग का संज्ञान ले छीनीगोठ क्षेत्र के लोगों को बाढ़ एवं जलभराव की समस्या से निजात हेतु ₹574.95 लाख की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्यों की मंजूरी दी गई जिसका विधिवत शुभारंभ हो गया है। उक्त परियोजना की कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता वसीम ने बताया कि छीनीगोठ गांव के तल्ली छीनी क्षेत्र में हुद्दी नदी के बाए तट पर लगभग 954 मीटर लम्बी,4 मी ऊंची सीसी दीवार बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा उक्त पूरे क्षेत्र में 6 मीटर चौड़ी एवं 1 मीटर गहरी वायर क्रेट संरचना भी स्थापित की जाएगी,जो नदी कटाव एवं बाढ़ के प्रभाव को रोकने में प्रभावी भूमिका निभाएगी। परियोजना पूरी होने के साथ ही छीनीगोठ क्षेत्र की एक हजार से अधिक आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा साथ ही टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में बाढ़ से होने वाले नुकसान और जलभराव की समस्या में भी काफी हद तक राहत मिलेगी। गांव में पूजा अर्चना के साथ ही उक्त कार्य का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर दर्जाधारी हेमा जोशी एवं विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार,ग्राम प्रधान छीनीगोठ बबलू,पूर्व उपप प्रधान राजकिशोर मुरारी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
बाढ़ सुरक्षा कार्य की शुरुआत करते ग्रामीण जन प्रतिनिधि।