टनकपुर/चंपावत। एक सप्ताह पूर्व चंपावत के सल्ली गांव के फर्जी गैंग रैप मामले में पुलिस ने आज साजिश रचने के आरोप में कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद महरा को गिरफ्तार कर लिया है। महरा के अलावा पुलिस ने एक अन्य आरोपी बबलू राम निवासी गुरखोली मंच चंपावत को भी गिरफ्तार कर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पिथौरागढ़ जेल भेज दिया गया। अभी तक इस मामले में मुख्य साजिश- कर्ता सहित कुल 4 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सुनियोजित साजिश का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस की जांच के मुताबिक कुछ लोगों ने नाबालिग बालिका को मोहरा बना पुरानी रंजिश के चलते 3 व्यक्तियों को दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में फंसाने की योजना बनाई थी। इस मामले में चंपावत कोतवाली में अपराध संख्या 15/26 व 16/26 पंजीकृत की गई थी। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आनंद सिंह महरा (निवासी ग्राम भामा, थाना गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ हॉल निवासी फागपुर बनबसा) के अलावा साजिश में शामिल दो और व्यक्तियों के नाम (बबलू राम निवासी गुरखोली, मंच व राहुल रावत निवासी सल्ली चंपावत) सामने आए थे। मामले में नामजद आरोपी आनंद सिंह महरा को पूछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया। वहीं संकलित साक्ष्यों के आधार पर एक अन्य आरोपी बबलू राम को भी गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि मामले में इससे पहले दो अन्य आरोपियों मुख्य साजिशकर्ता कमल रावत और उसकी महिला मित्र अर्जिता राय को पुलिस ने 8 मई को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट,एसओजी कमलेश भट्ट,वरिष्ठ उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह,उप निरीक्षक प्रकाश भट्ट,राजेश जोशी,अपर उप निरीक्षक गणेश बिष्ट,हेड कांस्टेबल ललित श्रीवास्तव,कांस्टेबल गिरीश बिष्ट,ललित चौधरी व कुलदीप सिंह शामिल थे।
ये था मामला:
6 मई को एक व्यक्ति ने चंपावत कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 5 मई की रात उसकी 16 साल की बेटी के साथ 3 लोगों ने गैंग रैप किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 3 लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन गैंगरैप के आरोप पुलिस की जांच में झूठे पाए गए। जिसके बाद पुलिस ने फर्जी गैंग रैप के साजिशकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अब तक इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता कमल सिंह रावत,उसकी महिला मित्र अर्जिता राय,कांग्रेस नेता आनंद सिंह महरा व बबलू राम को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस गिरफ्त में कांग्रेस नेता आनंद व अन्य।