टनकपुर/चम्पावत। गत रात्रि शहर स्थित पूर्णागिरी मेला क्षेत्र स्थित आधा दर्जन दुकानों में लगी भीषण आग के प्रभावितों को रेडक्रॉस सोसायटी ने मदद की है। रेडक्रॉस सोसायटी के चंपावत के चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी ने बताया कि अग्रिकांड प्रभावित व्यापारियां को कंबल, त्रिपाल, चादर, खाद्य सामग्री, मेडिकल किट सहित कई सामग्री दी गई। प्रभावित व्यापारियों को ये मदद तहसीलदार पिंकी आर्य ने नगर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, सभासद दिनेश कुमार, सुरेश कुमार आदि की मौजूदगी में दी। तहसीलदार के मुताबिक सामग्री के साथ पीड़ितों को 5 हजार की धनराशि प्राथमिक तौर पर दी गई है।
गत रात्रि करीब 2 बजे बाद एकाएक पूर्णागिरी मेला क्षेत्र पुरानी पानी की टंकी के पास की दुकानों में आग लग गई। आग से आधा दर्जन दुकानें खाक हो गई। ये दुकानें कॉस्मेटिक, चश्मा, बेल्ट, बैग आदि की थीं। आग से रूचि वर्मा, सतपाल सिंह, देवेंद्र, करन कुमार, राम प्रकाश और श्याम लाल की दुकान खाक हो गई। स्थानीय प्रशासन द्वारा घटना का तत्काल संज्ञान ले रेडक्रॉस की मदद से पीड़ित दुकानदारों को प्राथमिक तौर पर सहायता दी गई है। तहसीलदार पिंकी आर्य ने बताया कि नुकसान का आंकलन कर शीघ्र मुआवजा दिया जाएगा।
पीड़ितों को राहत सामग्रियां देतीं तहसीलदार व पालिकाध्यक्ष।