टनकपुर/चम्पावत। गत रात्रि टनकपुर-खटीमा एनएच पर चन्दनी के निकट एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पूर्व सैनिक हवलदार गणेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन में उन्हें उपचार हेतु खटीमा के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी नाजुक स्थिति देख चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया,इस बीच रुद्रपुर ले जाने के दौरान यात्रा मार्ग में उनका निधन हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची बनबसा पुलिस द्वारा दुर्घटना की जांच की जा रही है।
गत रात्रि करीब 8 बजे पूर्व सैनिक हवलदार गणेश सिंह पुत्र प्रेम सिंह जो कि ईसीएचएस बनबसा में ड्यूटी से अपनी स्कूटी सं.(यूके.03ए/2747) में सवार हो वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान टनकपुर-सितारगंज एनएच पर चंदनी से लगे ग्राम बिचई के निकट अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। उक्त दुर्घटना में गणेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा उपचार हेतु तत्काल खटीमा स्थित स्वास्तिक अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों द्वारा उनकी नाजुक स्थिति देख हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों द्वारा उन्हें उच्च चिकित्सा केन्द्र रुद्रपुर ले जाया जा रहा था इसी बीच यात्रा मार्ग में हालत बिगड़ने पर गणेश सिंह का निधन हो गया।
परिजनों द्वारा शव को पीएम हेतु टनकपुर उप जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक डॉक्टर आफताब आलम द्वारा मृतक गणेश सिंह के शव पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर थानाध्यक्ष बनबसा सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले को परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी चंद्रा देवी,पुत्र वीरेंद्र सिंह व पुत्री पूजा से भरापूरा परिवार छोड़ गया हैं।
मृतक सेवानिवृत्त हवलदार गणेश सिंह(फाईल फोटो)