टनकपुर/चम्पावत। गत आधी रात शहर स्थित मेला क्षेत्र में लगी कई दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से 6 दुकानों को खासा नुकसान होने की सूचना है। उक्त आग्नि कांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने के कारणों की सटीक जानकारी तो नहीं है, अलबत्ता आग शॉर्ट सर्किट से लगी होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
गत रात्री करीब 2 बजे बाद एकाएक पूर्णागिरी मेला क्षेत्र पुरानी पानी की टंकी के पास लगी दुकानों में अचानक आग लग गई। उक्त अग्निकांड में वहां स्थित अधिकांश दुकानें खाक हो गईं जो कॉस्मेटिक, चश्मा, बेल्ट, बैग आदि की बताई गई हैं। आग से रूचि वर्मा,सतपाल सिंह,देवेंद्र,करन कुमार,राम प्रकाश और श्याम लाल की दुकान खाक होने की जानकारी दी गई है।
आग लगने की सूचना पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अमर सिंह अधिकारी के नेतृत्व में फायर टीम ने फौरन मौके पर पहुंच आग बुझाना शुरू किया। उक्त अग्निशमन दल द्वारा भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकानों का काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। अलबत्ता किसी तरह की जन क्षति नहीं हुई। अमर सिंह अधिकारी के नेतृत्व में आग बुझाने वाली टीम में मनोज कुमार,संतोष जोशी,कृष्ण सिंह,श्याम सिंह, दलबीर सिंह,देवेंद्र अधिकारी,भावना पंत,नीलम रावत शामिल थी। वहीं सूचना पर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार व सीएम कैम्प कार्यालय प्रतिनिधि केएस बृजवाल द्वारा भी मौके पर पहुंच नुकसान का जायजा ले पीड़ितों को यथासंभव भरपाई का भरोसा भी दिया गया।
मेला क्षेत्र में आग से स्वाहा हुई दुकानें।