टनकपुर/चम्पावत। डीएम चम्पावत मनीष कुमार द्वारा जिले के समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में नगर निकायों में नागरिक सुविधाओं,स्वच्छता व्यवस्था,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं नगरीय सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नगर क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, स्ट्रीट लाइट, नालियों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों तथा सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े कार्यों के साथ ही ट्रंचिंग ग्राउंड व कूड़ा निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रामेल मशीनों का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, जिससे अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बन सके। इसके अलावा नगरीय क्षेत्र में आवारा पशुओं एवं गौवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा आमजन को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से लेगेसी वेस्ट एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के कार्यों में तेजी लाने के साथ ही एनजीटी से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंडों में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा बरसात से पूर्व सभी संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीएम ने जिले के सभी अधिशासी अधिकारियों को सफाई कर्मियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, प्लास्टिक अपशिष्ट के पृथक्करण पर विशेष ध्यान देने तथा जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, दीपक बुदलाकोटी, ऋषभ उनियाल, सौरभ नेगी, कमल महरा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
चम्पावत नगर निकाय के अधिशासी अधिकारियों की बैठक लेते डीएम।