टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड वन विकास निगम टनकपुर विक्रय प्रभाग में कार्यस्थल पर 'आंतरिक परिवार समिति' का गठन किया गया है। उक्त समिति महिलाओं के प्रति लैंगिक उत्पीड़न की शिकायतों का निस्तारण करेगी। निगम के विभागीय आदेश के अनुसार उक्त चार सदस्यीय समिति का अध्यक्ष सहायक लेखाकार दिव्या राना को बनाया गया है,वहीं स्थानीय 'माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति' की अध्यक्ष दीपा देवी को बाह्य सदस्य (समाज सेविका) के रूप में शामिल किया गया है।
समिति के अन्य सदस्यों में गीता जोशी (स्केलर) और आनंद सिंह राना (प्रधान सहायक) को नामित किया गया है। इसके अलावा समिति में तीन विभागीय सदस्य और एक बाह्य समाज सेविका को शामिल किया गया है, जो POSH एक्ट 2013 के प्रावधानों के अनुरूप है। जानकारी के मुताबिक विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह समिति प्रभाग के अंतर्गत कार्यरत महिलाओं की कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की स्थलीय जांच कर समयबद्ध निस्तारण भी सुनिश्चित करेगी।
गौरतलब है कि समिति की सदस्य बनीं दीपा देवी वर्तमान में माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष होने के साथ-साथ सीएमसी अध्यक्ष का दायित्व भी निभा रही हैं। दीपा देवी के मुताबिक वे नगर पालिका परिषद टनकपुर में लगातार दो वर्षों तक स्वच्छता अभियान की ब्रांड एम्बेसडर रह चुकी हैं। सामाजिक क्षेत्र में उनके सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें समिति में बाह्य सदस्य के रूप में स्थान दिया गया है। उक्त समिति के गठन से कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आंतरिक परिवार समिति की बाह्य सदस्य दीपा देवी।