टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री व अनियमितताओं की रोकथाम को औषधि विभाग द्वारा जिले के प्रवेश द्वार बनबसा में सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। औषधि निरीक्षक हर्षिता द्वारा बनबसा क्षेत्र के गढ़ीगोठ स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुल चार मेडिकल प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें ड्रग लाइसेंस की वैधता, औषधियों के स्टॉक का सत्यापन, क्रय-विक्रय अभिलेख, कैश मैमो, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं रिकॉर्डिंग की समीक्षा की गई।
औषधि निरीक्षक हर्षिता ने बताया कि जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर में अनियमितताएं पाए जाने पर उसके लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति की गई है। वहीं दो अन्य प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उपलब्ध न होने तथा औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों का सत्यापन न कर पाने जैसी कुछ खामियां सामने आईं। बताया कि विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन तीनों मेडिकल स्टोरों की औषधि बिक्री पर रोक लगा दी है साथ ही संबंधित फर्मों को पांच दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभियान के दौरान विभिन्न औषधियों के चार नमूने भी जांच हेतु संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
मेडिकल स्टोर पर अभिलेखों की जांच करतीं औषधि निरीक्षक।