टनकपुर/चंपावत। गत 5 मई की रात जिला मुख्यालय चंपावत से लगे ग्राम सल्ली में कथित गैंग रैप मामले में पुलिस द्वारा 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इनमें से मुख्य साजिशकर्ता कमल रावत और आरोपी की महिला मित्र अर्जिता राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि गत 6 मई को कोतवाली चंपावत में कथित रूप से नाबालिग बालिका के पिता द्वारा सौंपी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि 5 मई की रात उसकी 16 साल की बेटी के साथ 3 लोगों ने गैंग रैप किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन गैंग रैप के आरोपों की पुलिस की जांच में पुष्टि नहीं हुई। गत गुरुवार 7 मई को चम्पावत एसपी रेखा यादव ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए गैंग रैप के आरोप को झूठा बताया था। पुलिस के मुताबिक न्यायालय के समक्ष पीड़िता ने किसी भी प्रकार की घटना से इंकार करते हुए पूरे घटनाक्रम को मनगढ़ंत एवं षडयंत्र के तहत रचित बताया गया है।वहीं पुलिस विवेचना में तीनों नामजद व्यक्तियों की घटनास्थल पर मौजूदगी नहीं पाई गई।
पुलिस की जांच में कमल सिंह रावत द्वारा अपनी महिला मित्र अर्जिता राय के साथ मिलकर बदले की भावना से प्रेरित होकर सुनियोजित षडयंत्र की पुष्टि हुई। वादी की तहरीर पर आरोपी कमल सिंह, अर्जिता राय और कांग्रेस के प्रदेश मंत्री आनंद सिंमहरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 127 (2), 217(बी), 331 (4), 351 (2), 61 (2) एवं धारा16/17/22/23 POCSO एक्ट के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया। दो आरोपियों कमल सिंह रावत और अर्जिता राय को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। इधर मामले को लेकर फिलहाल क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार खासा गर्म है।
पुलिस गिरफ्त मैं आरोपी।