टनकपुर/चम्पावत। शहर क्षेत्र के मुख्य बाजार में नियम विरुद्ध टैक्सियां खड़ी कर सवरी भरने को लेकर एक होटल व्यवसायी और कुछ टैक्सी चालकों के बीच मारपीट हुई। इस घटना में तीन लोग चोटिल हो गए। मामले में पुलिस ने होटल व्यवसायी सहित पांच लोगों के विरूद्ध मामला पंजीकृत कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शहर क्षेत्र में टैक्सी चालकों एवं होटल व्यवसायी और उसके पुत्रों के बीच होटल के सामने से सवारी भरने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। उक्त घटना में टैक्सी चालक राहुल सक्सेना (23) पुत्र राजेश सक्सेना, निवासी वार्ड नंबर-तीन टनकपुर, चरन (38)पुत्र धूम सिंह, निवासी खटीमा, दीपक (33) पुत्र जगदीश, निवासी नई बस्ती, टनकपुर और बोरागोठ निवासी संजू (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की खबर फैलते ही टैक्सी यूनियन में आक्रोश फैल गया। यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों टैक्सी चालक और वाहन स्वामियों ने बाजार में जोरदार प्रदर्शन कर घटना का विरोध किया। साथ ही टैक्सी संचालन पूरी तरह ठप कर दिया।
इस दौरान कुछ घण्टों तक पूर्णागिरि जाने वाले श्रद्धालुओं को वाहन नहीं मिल पाए और उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपित होटल व्यापारी और उसके एक पुत्र को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और यूनियन पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि राजेश कुमार वार्ड नंबर तीन, ग्रीन गार्डन की तहरीर पर होटल व्यापारी हयात सिंह बिष्ट और उनके पुत्र निक्कू और डिसू के साथ अन्य दो अज्ञात के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता,115(2),118(1),191(2), 191(3),351(2),352 की धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। जांच एसएसआई पूरन सिंह तोमर कर रहे हैं। इधर शहर के व्यापारियों ने भी बाजार क्षेत्र में जगह-जगह से अवैध रूप से टैक्सियों के संचालन का आरोप लगाया है। व्यापारियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।
मारपीट को लेकर बाजार में प्रदर्शन करते टैक्सी चालक।