टनकपुर/चंपावत। गत मंगलवार देर रात्रि जिला मुख्यालय चंपावत से करीब 20 किमी दूर सल्ली गांव में एक विवाह में गई नाबालिग के साथ गैंग रैप का आरोप लगा है। पुलिस द्वारा ग्राम सल्ली के डेयरी कक्ष से पीड़िता को रिकवर भी किया गया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पिता की तहरीर के आधार पर मामले में आरोपित तीन लोगों के खिलाफ चंपावत कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
जानकारी के मुताबिक गत 5 मई को रात नाबालिग बालिका अपनी सहेली की शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव सल्ली गई थी, लेकिन देर रात तक लौटकर घर नहीं आई। परिजनों के द्वारा 112 के माध्यम से बालिका के मीसिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची जहां एक डेयरी के पास से बालिका को रिकवर किया गया। रिकवरी के बाद पुलिस ने पीड़िता का चम्पावत जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। इस बीच पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव ने भी जिला अस्पताल पहुंच पीड़िता से घटना जानकारी ली। एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए SOG और पुलिस की टीम ने साक्ष्यों का संकलन किया।
इधर चम्पावत कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया कि मामले में वांछित तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस दौरान सल्ली निवासी पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इधर तीन आरोपियों में से एक आरोपी भाजपा कार्यकर्ता व पूर्व प्रधान बताया जा रहा है जबकि एक अन्य आरोपी के अग्रिवीर में चयनित होने की सूचना है। मामले में शाम तक पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
ग्राम सल्ली में करीब सवादो वर्ष पूर्व भी लगा था भाजपा मंडल अध्यक्ष पर दुष्कर्म का आरोप:
टनकपुर/चंपावत। सल्ली गांव में करीब सवा दो वर्ष पूर्व भी एक बीडीसी सदस्य जो कि भाजपा मण्डल अध्यक्ष भी था,पर दुष्कर्म का आरोप लगा था। मामले में आरोपी भाजपा नेता कमल रावत कुछ दिनों तक जेल में भी रहा था। अलबत्ता एक माह पूर्व आरोपी अदालत से बरी हो गया है।