टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में आन्दोलनरत रोडवेजकर्मियों ने उच्चाधिकारियों के द्वारा दिए गए आश्वासन पर फिलहाल अपना आन्दोलन स्थगित कर दिया है। रोडवेज संयुक्त कर्मचारी परिषद ने आफ रोड बसों को आन रोड करने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया है। कर्मचारियों को उत्तराखंड परिवहन निगम के टनकपुर डिपो में आफ रोड बसों का संचालन न होने से हो रहे नुकसान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जबावदेही तय करने का भी आश्वासन मिला है।
वित्त नियंत्रक आनंद सिंह की अध्यक्षता में महाप्रबंधक (संचालन/तकनीकी/कार्मिक), उप महाप्रबंधक (तकनीकी), भवन अभियंता तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश महामंत्री उप महामंत्री की उपस्थिति में वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। बैठक में मंडलीय प्रबंधक (संचालन) आलोक बर्नवाल और सहायक महाप्रबंधक (संचालन) केएस राणा भी जुड़े। कर्मचारियों की शिकायत पर सहायक महाप्रबंधक (तकनीकी) टनकपुर को लंबे समय से आफ रोड बसों को आन रोड करने तथा उससे हुई हानि के लिए जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। संगठन से अनुरोध किया गया कि धरने को निगम हित में स्थगित कर दें। जिसके बाद कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया। बसों को जल्द ही आन रोड करने के संबंध में टनकपुर मंडल के अधिकारियों को निर्देशित भी किया गया। राेडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा मंत्री पंकज पंत ने बताया कि धरना 15 दिन के लिए स्थगित किया गया है। जल्द यदि आफ रोड बसों को आन रोड नहीं किया गया और धरने के दौरान कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो 20 मई से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में धरना देंगे।
धरनास्थल पर बैठे रोडवेजकर्मी।