टनकपुर /चम्पावत। जिला मुख्यालय चम्पावत में आस्था, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का कलश यात्रा के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। दस दिनों तक चलने वाले उक्त महोत्सव के पहले दिन गौरलचौड़ मैदान स्थित नगर पालिका कार्यालय से पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं द्वारा श्री गोल्ज्यू मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान कुमाऊं की प्रसिद्ध छोलिया नृत्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को खासा आकर्षक बना दिया।
श्री गोल्ज्यू महाराज मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारम्भ किया गया। शुभारम्भ के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान श्री गोल्ज्यू महाराज से राज्य की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन हेतु अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने श्री गोल्ज्यू मंदिर पहुंचकर वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपद की समृद्धि,शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने महोत्सव के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों एवं आयोजन समिति के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
अधिशासी अधिकारी,नगर पालिका परिषद चम्पावत भरत त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए महोत्सव की समयावधि एवं कार्यक्रमों में आवश्यकतानुसार संशोधन किया जाएगा। इसके लिए महोत्सव समिति के साथ समन्वय स्थापित कर निर्णय लिए जाएगा, ताकि आमजन को असुविधा न हो।
शुरुआत के मौके पर ये थे मौजूदः
गोलज्यू महोत्सव शुरुआत के अवसर पर चम्पावत नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे,दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, मुकेश महाराना,हेमा जोशी,भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत,मुकेश कलखुड़िया,निर्मल महरा,विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी,मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी,उपजिलाधिकारी विपिन पंत,नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल,शंकर पांडे,हिमेश कलखुड़िया,प्रेमा चिलकोटी,रोहित बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि,संबंधित अधिकारी सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
गोलज्यू महोत्सव की शुरूआत के मौके पर कलश निकालतीं महिलाएं व पूजा अर्चना करते डीएम।