टनकपुर/चम्पावत। गत शनिवार को दर्जनों ग्रामीणों ने वन विभाग शारदा रेन्ज कार्यालय के सम्मुख जोरदार प्रदर्शन कर लगातार हाथी की दस्तक से हो रहे खतरे से बचाव की मांग उठाई गई थी। जिस पर विभाग द्वारा भरोसा दिलाया गया था। लेकिन चंद घंटों में ये भरोसा टूट गया। शनिवार रात फिर गजराज ने पूर्णागिरी मार्ग के पास के जंगल से लगे गांवों में दस्तक दी। लगातार हाथी की दस्तक से गांव के लोग दहशत में हैं। गत रात्रि हाथी गांव में घुसा, जमकर उत्पात मचाया और दुकान,मकान से लेकर खेत खलिहान तक को नुकसान पहुंचाया।
शनिवार को देर रात में हाथी ने पूर्णागिरि मार्ग से लगे ककरालीगेट और नायकगोठ गांव में एक बार फिर हाहाकार मचाया। इस दौरान हाथी ने नायकगोठ गांव में कपिल शर्मा की दुकान का शटर तोड़ दुकान में रखा सामान तहस नहस कर दिया। वही मनु पाल सक्सेना की कच्ची झोपड़ी और बिशन सिंह बिष्ट का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे पूर्व ककरालीगेट के भोटिया पड़ाव गांव में भी हाथी ने ग्रामीणों की आम,गन्ने और केले की फसल को तहसनहस कर डाला। इस बीच जाग होने पर ग्रामीणों ने हाथी को किसी तरह जंगल की ओर भगाया। नायकगोठ की ग्राम प्रधान कंचन देवी ने वन विभाग से सीमा क्षेत्र में लगी सोलर फेंसिंग लाइन दुरुस्त करने और ग्रामीणों को नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना हैं कि हाथी की दस्तक और हमला बीते कई दिनों से हो रहा है। वन विभाग को जानकारी दे बचाव के उपाय करने का अनुरोध भी किया गया, लेकिन आश्वासन के बावजूद जमीन पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। हाथी से ग्रामीणों और पूर्णागिरि मेला यात्रियों को भी लगातार खतरा बना हुआ है साथ ही खासा नुकसान भी हो रहा है।
AI आधारित डिटेक्शन कैमरा होगा स्थापितः RO
टनकपुर। वन विभाग के शारदा रेंज के RO(वन- क्षेत्राधिकारी) सुनील शर्मा का कहना है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने और लोगों की हिफाजत करने के उद्देश्य से नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य की सीमा के पास के संवेदनशील गांवों के निकट AI आधारित स्मार्ट सोलर पावर्ड वाइल्डलाइफ डिटेक्शन कैमरा प्रणाली स्थापित करने की पहल की जा रही है। इससे मानव-वन्य जीव संघर्ष में कमी आएगी।
हाथी द्वारा गांव में घुस किए गए नुकसान का नजारा।