टनकपुर/चम्पावत। पिछले लम्बे समय से टनकपुर- पूर्णागिरि मार्ग से लगे ग्राम उचौलीगौठ और गैडाखाली में हाथियों का खासा आतंक है। हाथियों के खौफ से परेशान ग्रामीणों ने आज 2 मई को वन विभाग शारदा रेन्ज कार्यालय के बाहर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द हाथियों की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है।
प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से उचौलीगोठ एवं गैडाखाली में एक अकेला हाथी लगातार उत्पात मचा रहा है। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ वह अक्सर आवासीय मकानों पर भी हमला कर रहा है। हाथी से ग्रामीणों और पूर्णागिरि श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा आरोप लगाया गया है कि वन विभाग हाथी के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है,साथ ही जगह-जगह खराब पड़ी सोलर फेंसिंग को भी दुरुस्त नहीं किया गया है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर हाथी का आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन में गांव की ओर पत्थरों की ऊंची दीवार बनाने,पूर्णागिरि मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों को साफ करने की मांग उठाई गई है। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम गैड़ाखाली के त्रिलोक सिंह बोहरा,उचौलीगोठ के गणेश सिंह महर,आनंद महर, गीता चंद,जानकी महर,अनीता देवी,गोदावरी देवी,तुलसी देवी सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।
सीमा क्षेत्र में दीवार बनाने हेतु विभाग उच्चाधिकारियों को अवगत कराएगाः रेन्ज आफीसर
टनकपुर। वन क्षेत्राधिकारी शारदा रेन्ज सुनील शर्मा से ग्रामीणों की समस्या व मांग को लेकर पूछे जाने पर बताया गया कि उक्त क्षेत्र हाथी कॉरिडोर में आता है। हाथी कॉरिडोर के ये हिस्से बूम,शारदा और दोगाड़ी रेंज अन्तर्गत आते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा जंगल के सीमा क्षेत्र में दीवार बनाए जाने की मांग की गई है। जिस हेतु विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा। साथ ही रेन्जर शर्मा द्वारा बताया गया कि दीवार बनाने हेतु ग्रामीणों को साथ लेकर साईट कलेक्शन कर डीपीआर विभागीय उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी जिस हेतु विभाग अपना काम करेगा।
शारदा रेन्ज कार्यालय में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।