टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में रेलवे विभाग द्वारा बिना उचित पूर्व सूचना के अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। ऐसे में प्रभावितों हेतु वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया गया है। ये आरोप नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 के सभासद दिलदार अली के साथ वार्ड के लोगों ने लगाए हैं। प्रभावित वार्ड के लोगों ने टनकपुर SDM एवं पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन भेजा है। रेलवे की इस कार्रवाई से गरीब परिवारों के सामने आवास एवं आजीविका का संकट उत्पन्न हो जाएगा। गौरतलब है कि अनेक परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं, लेकिन अब उनके पास रहने का कोई अन्य साधन नहीं है। इतना ही नहीं मुख्य सड़क के चौड़ीकरण के कारण भी स्थिति खासी जटिल हो गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि रेलवे,राजस्व और नगरपालिका के संयुक्त सर्वे की लंबे समय से चली आ रही मांग के बावजूद सर्वेक्षण नहीं कराया गया है। साथ ही जिस क्षेत्र पर रेलवे अपना अधिकार बता रहा है, वह क्षेत्र रेलवे के अभिलेखों में स्पष्ट रूप से चिन्हित नहीं है। बिना स्पष्ट सीमांकन एवं संयुक्त सर्वे के इस प्रकार की कार्यवाही से विवाद होने के साथ ही आम लोगो के प्रभावित होने का खतरा भी है।
ऐसे में संयुक्त सर्वे पूर्ण होने तक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित समय पर सूचना देने व पुनर्वास की व्यवस्था की मांग की गई है। ऐसा नहीं होने पर वार्ड के लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन में पालिका के वार्ड सभासद दिलदार अली,कोमल गिरी,गजेंद्र कुमार,कृष्ण गोपाल,तसलीम,सलीम,नसीम,नईम,मुकेश, सुनीता देवी,इसरार हुसैन,हरिओम,बाबूराम,सरफराज, सरीना बेगम,नगमा बेगम,राजेंद्र कुमार,मुनैना देवी,गजेंद्र कुमार,सुधा देवी आदि के हस्ताक्षर हैं।
पालिकाध्यक्ष ने SDM को भेजा पत्रः
उक्त ज्ञापन के आधार पर टनकपुर नगर पालिका के अध्यक्ष विपिन कुमार ने भी SDM को पत्र भेज रेलवे प्रशासन द्वारा अनधिकृत रूप से वार्ड नंबर 3 व 4 के भवनों को तोड़े जाने की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही राजस्व, नगरपालिका के साथ समन्वय स्थापित कर रेलवे विभाग की भूमि के स्वामित्व की जांच की कार्यवाही पूर्ण होने के बाद ही किसी भी प्रकार की कार्यवाई किए जाने के लिए निर्देशित करने का आग्रह किया है। उधर रेलवे का कहना है कि उसकी ओर से की जा रही कार्यवाही नियमों के मुताबिक है।
टनकपुर में पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते वार्डवासी।