टनकपुर/बनबसा। आज शुक्रवार को बनबसा पुलिस, एसएसबी,एसओजी और यूपी पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में भारत -नेपाल सीमा पर नोएडा में धोखाधड़ी के आरोपी सत्येन्द्र सिंह भसीन को दबोच लिया गया। आरोपी नोएडा उप्र.के धोखाधड़ी के दो मामलों में वांछित बताया गया है।
आरोपी भसीन को पकड़ने हेतु बनबसा पुलिस शारदा बैराज क्षेत्र में गश्त पर थी इसी बीच नोएडा पुलिस से इनपुट मिला कि एक वांछित अपराधी नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही कैनाल गेट चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध इनोवा कार को शारदा बैराज पुल के पास रोका गया। कार सवार से जब कड़ी पूछताछ की गई तो उसकी पहचान सत्येन्द्र सिंह भसीन (पुत्र जसवन्त सिंह भसीन, निवासी पश्चिमी दिल्ली) के रूप में हुई। पकड़े गए आरोपी पर गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के थाना बीटा-2 में धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी लंबित था।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 04 फर्जी आधार कार्ड (जो अलग-अलग पतों पर बने थे),01 एप्पल आईपैड और 04 मोबाइल फोन,01 पेन ड्राइव,पावर बैंक और एक डायरी के साथ ही ₹30,540 की नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया है कि गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया गया है। आरोपी को संबंधित थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा की पुलिस को सौंपा जा रहा है, जहां उससे पूछताछ कर जालसाजी के अन्य मामलों का खुलासा किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी सत्येन्द्र सिंह भसीन।