टनकपुर/चम्पावत। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की स्थानीय शाखा द्वारा चलाया जा रहा आंदोलन जारी है। टनकपुर डिपो में लम्बे समय विभिन्न ऑफ रोड बसों को ऑन रोड करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर परिषद द्वारा यहां आन्दोलन चलाया जा रहा है। इधर परिवहन निगम में रात में 09 बजे स्क्रैब को चुपचाप ले जाने के प्रयास को रोकते हुए संगठन द्वारा विडियो बनाए जाने को लेकर टनकपुर मण्डल के अधिकारियों द्वारा कथित रूप से द्वेष भावना से संगठन के सदस्यों का स्थानान्तरण किए जाने का आरोप लगाया गया है।
आन्दोलनरत यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि परिवहन निगम की ऑफ रोड बसो के कारण लगातार कमजोर हो रही आर्थिक स्थिति लिए जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध प्रस्तावित अनुशासनिक कार्यवाही न की जा सके तथा निगम के स्क्रैब की चोरी की घटना का खुलासा न हो सके को लेकर कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि इसके अतिरिक्त सितारगंज बस स्टेशन में बिना निगम मुख्यालय की अनुमति से अवैध रूप से कैटीन संचालित की जा रही है जिसका विरोध रोकने का प्रयास किया जा रहा है। किन्तु संगठन द्वारा निगम विरोधी धारणा रखने वाले अधिकारियों के विरूद्ध ठोस कार्यवाही व लम्बे समय से मण्डल में ऑफ रोड बसों को ऑन रोड करने हेतु मण्डलीय प्रबन्धक (संचालन) कार्यालय में धरना दिया जा रहा है।
गुरुवार को क्षेत्रीय मंत्री राजेन्द्र बिष्ट की देख रेख में चले धरना कार्यक्रम में,दिनेश भट्ट,अशोक बोरा,करन नेगी, योगेश सिंह,पंकज पंत शाखा मंत्री,कौशल कनार्टक शाखा अध्यक्ष,संजीव कुमार,विक्रम सिंह,मोहित,विक्रम सिंह, जगदीश सामंत,रिंकू काण्डपाल,विनोद नोटियाल,संजीव कुमार,संजय भट्ट,किशोर तडागी आदि के साथ ही क्षेत्रीय प्रबन्ध समिति के सदस्य व सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
निगम परिसर में धरना प्रदर्शन करते रोडवेज कर्मी।