टनकपुर/चंपावत। जनपद चम्पावत के मैदानी क्षेत्रों टनकपुर व बनबसा में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के मद्देनजर इंटर तक के स्कूलों के खुलने व बंद होने के समय में आज 30 अप्रैल से आंशिक बदलाव किया गया है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी एवं 'हीट वेव' की संभावना की वजह से यह आंशिक बदलाव किया गया है।
मौसम विश्लेषण के अनुसार इन दिनों तापमान में हो रही निरंतर वृद्धि से स्कूली छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की सम्भावनाओं और 'डीहाइड्रेशन' सहित अन्य खतरों से बचाव के लिए उक्त कदम उठाया गया है। मुख्य शिक्षधिकारी मान सिंह ने बताया कि जिले के मैदानी एवं अन्य प्रभावित क्षेत्रों में संचालित सभी ग्रीष्मावकाश वाले (सरकारी एवं गैर-सरकारी,प्राथमिक, उच्च प्राथमिक,माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक) विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्र 29 अप्रैल से 10 मई तक सुबह 7:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित होंगे। पहले यह समय 7.30 बजे से 2.05 बजे तक था। वहीं शीतावकाश वाले स्कूल पूर्व निर्धारित समय (7.30 बजे से 2.05 बजे तक) के अनुसार ही संचालित होगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने जिले के सभी खंड शिक्षाधिकारियों एवं उप शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है। साथ ही आदेश का उल्लंघन होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से भी अपील की है कि बच्चों को तेज धूप एवं गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने के लिए जागरूक करें।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चम्पावत मान सिंह।