टनकपुर/चंपावत। चंपावत जिला पंचायत की शक्तिपुरबुंगा सीट के विजेता प्रत्याशी कृष्णानंद जोशी का चुनाव रद्द कर दिया गया है। दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी की याचिका पर जिला न्यायालय ने आज 28 अप्रैल को ये आदेश दिया। मतदाता सूची में दो जगह नाम दर्ज होने के चलते निर्वाचन रद्द कर दिया गया है। अब यह सीट खाली हो गई है।
उत्तराखंड में गत वर्ष हरिद्वार जिले को छोड़ शेष 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव हुए थे। जुलाई 2025 में
हुए उक्त चुनाव में चंपावत जिले की जिला पंचायत की शक्तिपुरबुंगा सीट से कृष्णानंद जोशी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ भाजपा समर्थित प्रत्याशी मनमोहन सिंह बोहरा को 345 मतों के बड़े अन्तर से शिकस्त दी थी। कृष्णानंद जोशी को 2259 और मनमोहन सिंह बोहरा को 1914 वोट मिले थे। उक्त सीट पर इसके अलावा मनीष महर को 1734, दिनेश चंद्र चौड़ाकोटी को 1041 और चंद्र सिंह को 812 मत मिले थे।
उक्त चुनाव नतीजे के खिलाफ दूसरे नंबर पर रहे भाजपा समर्थित प्रत्याशी मनमोहन सिंह बोहरा द्वारा जिला न्यायालय चम्पावत में याचिका दायर की थी। जिसमें उन्होंने कृष्णानंद जोशी का चंपावत विधानसभा क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों की मतदाता सूची में नाम होने का आरोप लगाया था। आज 28 अप्रैल को जिला जज चम्पावत अनुज कुमार संगल द्वारा सभी पक्षों को सुनने और तमाम दस्तावेजों के परीक्षण के बाद कृष्णानंद जोशी का निर्वाचन रद्द करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही अब यह सीट रिक्त हो गई है।
कृष्णानंद जोशी।